डिडौली(अमरोहा)। गांव की एक महिला ने किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के बाद नोएडा में एक युवक के हाथों बेच दिया। उसकी शादी भी युवक से करा दी। किशोरी ने छोटी बहन को फोन करके हकीकत बताई तो गांव वालों के होश उड़ गए। पीड़िता की बहन ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ये मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव का है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। किसान के परिवार में दो बेटियां हैं। पत्नी की मौत के बाद किसान ने दूसरी शादी कर ली थी। शादी के बाद किसान की भी मौत हो गई। दोनों बेटियां का सौतेली मां पालन पोषण करती है। आरोप है कि 14 अप्रैल को गांव की महिला किसान की बड़ी बेटी को बहला फुसला कर नोएडा ले गई और वहां एक युवक को बेच दिया। इतना ही नहीं किशोरी की युवक के साथ शादी भी कर दी।
अब किशोरी ने फोन करके अपनी छोटी बहन को पूरी बात बताई। हकीकत सुनकर गांव के लोग भी दंग रह गए। रविवार को डिडौली कोतवाली पहुंची किशोरी की छोटी बहन ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसकी बहन को वापस लाने की गुहार लगाई है।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिसकी शादी की बात सामने आई है, उसके बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।