हसनपुर (अमरोहा)। गांव मोहम्मदपुर सुल्तानठेर निवासी नेपाल की पत्नी रजनी (27) की मौत प्रसव के बाद अधिक खून बहने की कारण हुई थी। इसकी पुष्टि शनिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। हालांकि मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सुल्तानठेर निवासी नेपाल ने बृहस्पतिवार को प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी रजनी को हसनपुर के ब्लॉक तिराहे पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर रजनी ने ऑपरेशन के बाद बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ गई थी। गंभीर हालत में चिकित्सक ने हायर सेंटर रेफर कर दिया था। इसके बाद महिला को चौधरपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। जहां उसकी मौत हो गई थी। महिला की मौत से नाराज परिजन शव लेकर देररात हसनपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया था।
सीएचसी के प्रभारी डाॅ. ध्रुवेंद्र सिंह ने अस्पताल की ओटी को सील कर दिया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शॉक एडं हेमरेज आया है। हालांकि अभी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।