अमरोहा। कैलसा होकर पाकबड़ा तक गुजरने वाले मार्ग के दिन जल्द बहुरने वाले हैं। एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने मार्ग के चौड़ीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता से मांग रखी थी, जिसको राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है। अब जल्द ही इस मार्ग के चौड़ीकरण का काम शुरू होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने बताया कि उन्होंने अमरोहा से कैलसा होते हुए पाकबड़ा तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण की मांग रखी थी, जिसको मंजूरी मिल गई है। फिलहाल इस सड़क की चौड़ाई सात मीटर है, जिसको बढ़ाया जाएगा। मार्ग के चौड़ा होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को सहूलियत मिल सकेगी। इसके निर्माण पर करीब 24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता गिरीश चंद ने बताया कि शासन से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही इसके लिए टेंडर आदि की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।