बाढ़ के पानी से बुग्गी लेकर आते गजराैला के ओसीता जगदेवपुर के ग्रामीण। संवाद
गजरौला। बिजनौर बैराज से 59989 क्यूसेक पानी छोड़ा जाने के कारण गंगा का जल स्तर 20 सेंटीमीटर बढ़ गया। निचले इलाके के खेतों में बाढ़ का पानी भरने लगा है। खादर के ग्रामीणों व टापू में बसे गांव के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
तिगरी में गंगा का जल स्तर 200.15 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के निशान 202 मीटर से 1.85 दूर है।
बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष चंद्र गहलौत ने बताया कि बिजनौर बैराज से गंगा में 59989 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का जल स्तर 199.95 मीटर से 20 सेंटीमीटर बढ़कर 200.15 मीटर पर पहुंच गया। दो दिन से जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर जल स्तर का इजाफा हुआ है। जेई ने बताया कि खतरे के निशान 202 मीटर से गंगा का जल स्तर 199.85 मीटर दूर है। जल स्तर बढ़ने से जहां निचले इलाके के खेतों में पानी भरने लगा है। वहीं टापू में बसे दारानगर समेत अन्य ग्रामीणों की बेचैनी फिर बढ़ गई है। उनको निचले खेतों में खड़ी फसलों के तबाह होने का डर सता रहा है। क्योंकि पानी भर जाने से फसल गल जाती है।