अमरोहा। एक थाने में तैनात चौकीदार 19 वर्षीय बेटी ने जहर खाकर जान दे दी। वह अपनी बड़ी बहन के देवर के साथ शादी करना चाहती थी। जबकि परिजन इसके खिलाफ थे। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
ये मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव का है। यहां पर रहने वाले किसान एक थाने में चौकीदार भी हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा बच्चे हैं। दो बेटियों में से बड़ी की शादी हो चुकी है। लेकिन, उनकी छोटी बेटी अपनी बड़ी बहन के देवर से शादी करना चाहती थी। जबकि, परिवार वाले इसके खिलाफ थे। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले युवती की बहन के देवर का रिश्ता तय हो गया। जब इसकी जानकारी युवती को हुई तो उसने गांव में ही परचून की दुकान से जहर लेकर खा लिया। थोड़ी देर बाद युवती की हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। संवाद