गेहूं की बोरी लदे ट्रक से रास्ते में मकान का छज्जा टूट जाने पर मकान स्वामी ने ट्रक चालक को कमरे में बंद कर उसकी पिटाई की। ट्रक सेवानिवृत्त सीओ के बेटे के बीज शोधन प्लांट से गेहूं का बीज लेकर जा रहा था। पुलिस ने पहुंच चालक और ट्रक को चौकी ले आई। इसके बाद मकान मालिक ने लोगों को बुला लिया। सेवानिवृत्त सीओ के बेटे संग गाली-गलौज की। प्लांट के सुपरवाइजर व ठेकेदार के साथ मारपीट की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र में ख्यालीपुर ढाल के निकट सेवानिवृत्त सीओ सुभाष काजला का फार्म है। जिसमें उनके बेटे विवेक काजला ने बीज शोधन प्लांट लगा रखा है। विवेक काजला प्लांट की देखभाल करने के साथ ही बाहर से धान और गेहूं का बीज मंगाकर उनको शोधन कर बाहर भेजते हैं। गजरौला निवासी चरन सिंह प्लांट का सुपरवाइजर है और कुदैना का राजेश भी प्लांट में ही काम करता है। मंगलवार की रात फार्म से बीजों को लाद कर एक ट्रक बाहर जा रहा था। ट्रक रास्ते किनारे एक मकान से निकल रहे छज्जे से छू जाने के कारण छज्जा टूट गया। इसके बाद मकान मालिक सहित अन्य लोग इकट्ठा हो गए। आरोप है कि लोगों ने ट्रक चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे कमरे में बंद कर लिया और मारपीट की। विवेक काजला ने यूपी-112 को फोन कर सूचना दी। उधर औद्योगिक चौकी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। ट्रक और चालक को चौकी लाए। आरोप है कि कुछ देर बाद लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने विवेक काजला के साथ भी गाली-गलौज कर दी। सुपरवाइजर चरन सिंह व ठेकेदार राजेश के साथ मारपीट की। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चरन सिंह व राजेश को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अरिहंत सिद्धार्थ का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।