अमरोहा। रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित प्रथम उत्कर्ष मेमोरियल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के ग्राउंड पर दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू और दूसरे में दुर्गा क्रिकेट एकेडमी ने जीत हासिल की। दोनों के बीच फाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू और रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी रेड के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट खोकर 114 रन बनाए। कप्तान मोहम्मद शहरान ने 27 और मोहम्मद जकी ने नाबाद 23 रन बनाए। रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी रेड के लिए गेंदबाजी में आयुष सिंह और सूर्यांश सिंह ने दो-दो व अरवाज खान, अंशिका, अम्मार अहमद और मोहम्मद अरीब ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में खेलने उतरी रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी रेड 24.2 ओवर में 61 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। हर्ष सिंह ने 16 व मोहम्मद अरीब ने 13 रन बनाए। रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू के लिए गेंदबाजी में मोहम्मद शाकिब ने तीन, उवैस चौधरी ने दो व मयंक कुमार और वहाब तुर्क ने एक-एक विकेट चटकाए। इस तरह रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू ने यह मैच 53 रन से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच मोहम्मद शाकिब व गेम चेंजर मोहम्मद जकी को चुना गया।
दुर्गा एकेडमी ने बनाया 149 रन का स्कोर
दूसरे सेमीफाइनल मैच में दुर्गा क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवरों में 149 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए नितिन सिंह ने 65, आरिज आलम ने 31 व अब्दुल अहद ने 26 रन बनाए। अचीवर्स क्रिकेट एकेडमी के लिए गेंदबाजी में विशाल तिवारी ने तीन व ऋषभ शर्मा, आदित्य रावत और सौरभ फौजदार ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अचीवर्स क्रिकेट एकेडमी 24.1 ओवर में 87 रन ही बना सकी। विशाल तिवारी ने 17 व प्रियांशु ने 12 रन बनाए। दुर्गा क्रिकेट एकेडमी के लिए अफ्फान पाशा ने तीन और आरव यादव ने दो विकेट लिए। इस तरह यह मैच दुर्गा क्रिकेट एकेडमी ने 62 रन से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच नितिन सिंह व गेम चेंजर अफ्फान पाशा को चुना गया। अंपायर मोहम्मद सायम और शहजाद अहमद रहे। स्कोरर मोहम्मद अलीम रहे। मैच के दौरान क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, कोच मोहम्मद हसीन, डॉ. सिद्धार्थ मलिक, पवन शर्मा, सोनू कुमार, ओमदत्त शर्मा, तरुण चीमा, मंजर अब्बास, मोहम्मद नदीम, रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।