कनेक्शन देने में फर्जी दूरी दिखाकर विभाग को दो लाख रुपये का चूना लगाने वाले बिजली विभाग के अवर अभियंता के खिलाफ दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उपखंड अधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट अधिशासी अभियंता को सौंप दी है। एक्सईन कार्यालय से मुख्य अभियंता को रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है। आरोपी जेई वर्तमान में संभल जनपद के बबराला में तैनात है।
नगर निवासी सोशल एक्टिविस्ट जुगनू सिंह ने मुख्य अभियंता को एक शिकायती पत्र प्रेषित कर आरोप लगाया था कि बछरायूं बिजलीघर पर तैनात तत्कालीन अवर अभियंता सोरन सिंह ने कस्बा के मोहल्ला पीरजादगान निवासी वजाहत हुसैन व फरमीना को दो-दो किलोवाट का कनेक्शन देने में फर्जी दूरी दर्शाकर विभाग को मोटी रकम का चूना लगाया गया है। जुगनू सिंह की शिकायत पर मुख्य अभियंता ने इसकी जांच उपखंड अधिकारी नरेश कुमार को सौंपी गई।
जांच में जुगून सिंह द्वारा की गई शिकायत सही पाई गई। उप खंड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि विभागीय नियमानुसार 40 मीटर दूरी तक किसी प्रकार का एस्टीमेट नहीं बनाया जाता है। वजाहत हुसैन को दिए कनेक्शन में जेई सोरन सिंह ने 38 मीटर की दूरी व फरमीना को कनेक्शन देने में मात्र 15 मीटर की दूरी दिखाई गई। सोरन सिंह ने एक लाख 94 हजार रुपये का चूना विभाग को लगा दिया। उपखंड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट अधिशासी अभियंता कार्यालय को प्रेषित कर दी गई है। एक्सईन कार्यालय से आरोपी अवर अभियंता से इतनी धनराशि वसूल किए जाने की संस्तुति मुख्य अभियंता को प्रेषित की जा चुकी है। जांच रिपोर्ट आरोपी अवर अभियंता की तैनाती बबराला के एक्सईएन को प्रेषित की गई है। वही इस संबंध में अवर अभियंता सोरन सिंह से कई बार प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं हो पाया है। उनका फोन स्विच आँफ था।