गजरौला (अमरोहा)। प्रवक्ता के यौन उत्पीड़न के आरोप में निलंबित शिव इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शलभ भारद्वाज की सेवा समाप्त कर दी गई है। प्रबंध समिति, जिला विद्यालय निरीक्षक और पुलिस द्वारा की गई जांच में उन पर आरोपों की पुष्टि होने की बात कहते हुए सेवा समाप्ति की कार्रवाई की गई है।
शिव इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुभाष भूषण शर्मा ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. शलभ भारद्वाज पर कॉलेज की महिला प्रवक्ता ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक व डीएम से शिकायत की थी। कुछ दिन बाद कॉलेज की कुछ छात्राओं ने भी उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कमेटी बनाकर जांच कराई। बताया कि उन पर लगे आरोप सिद्ध हो गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सीओ अंजलि कटारिया ने छात्राओं के बयान दर्ज किए। उनके द्वारा की गई जांच में छात्राओं के आरोप सही पाए गए थे। कॉलेज की प्रबंध कमेटी की जांच में भी आरोप सही पाए गए। जिस पर उनको पिछले साल निलंबित कर दिया गया। इसी साल 30 जनवरी को प्रबंध कमेटी ने उन पर लगे आरोपों की पुष्टि के साथ यह उल्लेख किया कि उनका कॉलेज के स्टाफ पर नियंत्रण नहीं है।
उच्च अधिकारियों के अधिकारों का अतिक्रमण करते हैं। आरोप पुष्ट होने पर कॉलेज व विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखकर प्रधानाचार्य पद से सेवामुक्त किए जाने का प्रस्ताव पारित किया है।