गजरौला। जाको राखे साइयां मार सके न कोय, गजरौला क्षेत्र में यह कहावत चरितार्थ हो गई। कांकाठेर के निकट एक शख्स के ऊपर से गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन गुजर गई। वह मामूली रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
चौंकाने वाला यह मामला रविवार को कांकाठेर रेलवे स्टेशन के निकट सामने आया। दोपहर करीब 1:30 बजे गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन मुरादाबाद जा रही थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक शख्स रेलवे लाइन पर आ गया। एक्सप्रेस ट्रेन उस शख्स के ऊपर से गुजर गई। वह मामूली रूप से घायल हो गया। ट्रेन की चपेट में अज्ञात शख्स के मामूली रूप से घायल होने की सूचना पाकर कर्मचारी दौड़ पड़े। तभी दिल्ली की दिशा में संपर्क क्रांति जा रही थी।
घायल हुए शख्स को संपर्क क्रांति से गढ़मुक्तेश्वर के अस्पताल में भर्ती कराया। कांकाठेर रेलवे स्टेशन मास्टर राकेश कुमार ने बताया कि यहां पर यह कहावत चरितार्थ हो गई कि जाको राखे साइयां मार सके न कोय। संवाद