अमरोहा। जिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए लोगों की भीड़ दिखाई दी। इनमें सर्दी, खांसी, बुखार और पेट से जुड़ी समस्याओं वाले मरीज अधिक थे। पर्चा काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कक्ष के बाहर लोगों की कतारें लगी रहीं। चिकित्सकों का कहना है कि जनवरी की ठिठुरन लोगों को बीमार कर रही है, बचाव को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी। शुकवार को जिला सुयंक्त चिकित्सालय में करीब 814 मरीजों की ओपीडी की हुई। अस्पताल की ओपीडी में सबसे अधिक मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी, वायरल और पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। सीएमएस डॉ. एके भंडारी ने बताया कि मौसम की कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण वायरल रोग तेजी से फैल रहा है। बच्चों और बुजुर्गों में अधिक देखा जा रहा है। ऐसे में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बताया कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और सुबह-शाम ठंडी हवा से बचें। सर्दी, खांसी या बुखार के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार के भरोसे न रहें और चिकित्सक से परामर्श लें।