आदमपुर थाना क्षेत्र में जंगल में पशुओं को चराने गई एक गर्भवती महिला (30) की हत्या कर दी गई। दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। अर्धनग्न अवस्था में महिला का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है। घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव की है।
किसान की 30 वर्षीय पत्नी रोजाना की तरह शनिवार को लगभग दोपहर 3 बजे पशुओं को चराने जंगल में गई थी लेकिन शाम तक वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने देर रात तक महिला की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। रविवार दोपहर बाद परिजन निकट के गांव सिरसा कला के जंगल में तलाश करते गन्ने के खेत में पहुंचे तो यहां महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। उसकी गर्दन पर चोट के निशान थे। हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई। वह पांच माह की गर्भवती थी।
जानकारी मिलने पर मायके वाले भी पहुंच गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर रहरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव निवासी एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
शनिवार से लापता महिला का शव गन्ने के खेत में मिला है। उसकी गर्दन पर चोट के निशान हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
-सतीश चंद्र पांडे, सीओ हसनपुर
परिजनों ने सोचा कि बरसात की वजह से कहीं रूक गई होगी महिला
शनिवार को जब पशुओं को चराते समय महिला शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने सोचा कि बरसात की वजह से कहीं रुक गई है। जब बरसात हल्की हुई तो परिजन तलाश करने जंगल गए लेकिन बरसात की वजह से तलाश नहीं कर पाए। रविवार को भी बरसात सुबह से ही लगातार हो रही थी। जब दोपहर बाद बरसात हल्की हुई तो परिजनों ने पुनः तलाश शुरू की। निकट के गांव में महिला का शव अर्द्ध नग्न अवस्था में गन्ने के खेत में मिला।