अमरोहा। शहर में नगर पालिका के ईओ डॉ. ब्रजेश कुमार की अगुवाई व पुलिस प्रशासन के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। बाजारों में अवैध एवं अनुचित रूप से सरकारी नाले-नाली के ऊपर, उसके आगे सार्वजनिक मार्ग पर रखे हुए सामान को हटाते हुए जब्त किया गया।
ईओ ने बताया कि बीते दिनों रोड सेफ्टी की बैठक में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने डीएम के समक्ष बाजारों में व्याप्त अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए आमजन के आवागमन को बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाए जाने की मांग की गई थी।
सोमवार को पालिका टीम ने पुलिस के साथ बटवाल, मुख्य रोड से बाजार बटवाल, बाजार कोट, कोट चौराहा, बाजार शफात पोता, बाजार गुजरी, बाजार बसावन गंज, कोतवाली रोड, बड़ा बाजार, मंडी चौब चौराहा होते हुए स्टेशन रोड पर अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत सरकारी नाले-नाली के ऊपर व उससे आगे सार्वजनिक मार्गों पर रखे गए सामान को हटवाते हुए जब्त कर लिया गया।
ईओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नगर को सुंदर व सुव्यवस्थित बनाए जाने के पालिका के प्रयासों में सहयोग करें। अपनी दुकान व मकान का सामान अंदर रखें। उसे नाले-नाली के ऊपर अथवा सार्वजनिक मार्गों पर न रखें। पालिका की ओर से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।