आदमपुर (अमरोहा)। एक मरीज को मेडिकल स्टोर संचालक ने बुखार से पीड़ित होने पर इंजेक्शन लगा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। हालांकि, मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 52 वर्षीय किसान को पिछले दो दिन से बुखार की शिकायत थी। किसान खुद ही दवा लेने आदमपुर में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचा। मेडिकल स्टोर संचालक ने किसान को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही किसान की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में मौत हो गई। जिसके बाद मेडिकल स्टोर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को देख मेडिकल स्टोर संचालक मेडिकल बंद करके फरार हो गया। उधर, किसान के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहा है। मृतक ने अपने पीछे पांच बेटी व दो बेटे छोड़े हैं। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।