लूट के इरादे से घर में दाखिल हुए नकाबपोश बदमाशों के साथी को पकड़ने से झल्लाए बदमाश ने मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात को बीच आबादी में अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना किया। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आस-पड़ोस के घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिसमें बदमाशों का हुलिया नजर आया है।
कस्बा नौगावां सादात के मोहल्ला बुधबाजार निवासी बिलकिश फात्मा पत्नी गुलाम हैदर के तीन बेटे सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। उनकी बहुएं घर पर रहती हैं। बताते हैं कि एक बहू मायके तो दूसरी बरात में बच्चों सहित गई थी। तीसरी शबनम पत्नी इकबाल हैदर घर पर मौजूद थी। रात करीब डेढ़ बजे सास घर के बरामदे में सो रही थी जबकि बहू कमरे में अंदर थी। इसी बीच चार नकाबपोश बदमाश लूटपाट की नीयत से घर में घुस आए। असलहों के बल पर सास को कब्जे में ले लिया और बहू से दरवाजा खोलने को कहा। अंजानी आवाज सुनकर शबनम ने गेट नहीं खोला, जिस पर बदमाशों ने उसको तोड़ने की कोशिश की।
आहट होते ही पास में ही दुमंजिल पर सो रहे बिलकिश के जेठ शजर अब्बास (50) पुत्र तुराव अली की आंख खुल गई। खामोशी से नीचे उतरा और एक बदमाश को दबोचते हुए शोर मचा दिया। इससे बदमाशों के होश उड़ गए। साथी को नहीं छोड़ने पर झल्लाए बदमाशों ने पीठ से सटाकर उसको गोली मार दी। घायल होकर वह जमीन पर गिर पड़ा और चारों बदमाश फरार हो गए। शोर शराबा होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद थाना पुलिस के अलावा एसपी सुधीर कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से जानकारी हासिल की। हत्या के शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया। जाते वक्त बदमाश तमंचा भी फेंक गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। लाश को पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।