अमरोहा। हरियाली तीज का त्योहार बुधवार को मनाया जाएगा। खरीदारों की भीड़ से बाजार में हरियाली छाई है। हरी साड़ियां, हरी चूड़ी की मांग है। साथ ही महिलाएं सौंदर्य प्रसाधन सामग्री की खरीदारी करतीं नजर आ रहीं हैं। ब्यूटी पार्लरों और मेहंदी लगाने वालाें के यहां पर भी बुकिंग आनी शुरू हो गई हैं। मिठाई विक्रेताओं के यहां घेवर की बिक्री भी शुरू हो गई है। बता दें कि हरियाली तीज पर महिलाएं पति की दीर्घायु के लिए उपवास रखती हैं। सोलह शृंगार कर पूजन करतीं है। सावन के गीतों पर झूला झूलने की रस्म भी पूरे उत्साह के साथ निभाई जाती है। सालभर महिलाओं को इस त्योहार का इंतजार रहता है।
साड़ियों व चूड़ियों की दुकानों पर बढ़ी भीड़
हरियाली तीज पर हरे रंग के परिधान पहनने का पुराना रिवाज है। यही वजह है कि इस बार भी बाजार में हरे रंग की साड़ियों की मांग ज्यादा है। साड़ियों के शोरूम पर इस समय महिलाओं की अच्छी आवाजाही दिखाई दे दी है। बाजारों में 500 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक की साड़ियों की खूब बिक्री हो रही है। वहीं, चूड़ियों की दुकानों पर खूब खनक सुनाई दे रही है।
-
तीज के लिए तैयार हो रहा सूखा घेवर
हरियाली तीज के लिए सभी हलवाइयों ने घेवर तैयार करना शुरू कर दिया है। विभिन्न प्रकार का घेवर तैयार किया जा रहा है। देसी घी का घेवर 460 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं, वनस्पति घी का घेवर भी 250 रुपये से लेकर 300 रुपये किलो तक बिक रहा है।
-
बोले व्यापारी
महिलाएं साड़ियां खरीने के बाद मैचिंग की चूड़ियां खरीद रही हैं। इसलिए हमने हर एक रंग की चूड़ियों का स्टाॅक रखा है। शृंगार के सामान की बिक्री भी सामान्य रूप से शुरू हो गई है। -रमेश वर्मा, शृंगार सामग्री विक्रेता
-
साड़ियों की ब्रिकी के लिए हमने पहले से ही तैयारी कर रखी है। हरे रंग की साड़ियों को विशेष माल में लाए हैं। ग्राहक इसको खूब पसंद कर रहे हैं। इस साल हरियाली तीज पर साड़ियों की अच्छी बिक्री होगी।
-नवीन कुमार, साड़ी विक्रेता
-
इस साल भी हरियाली तीज का त्योहार अच्छा जाने की उम्मीद है। महिलाओं ने बुकिंग के लिए फोन करना शुरू कर दिया है। हमने उस दिन के लिए कई बुकिंग कर भी ली हैं। -शालिनी भारद्वार, ब्यूटी पार्लर संचालिका
-
इस साल छोटे आकार का घेवर बना गया है। इस घेवर में कम मिठास के साथ इसका वजन भी हल्का रहेगा। बाजार में कई प्रकार के घेवर तैयार हो रहे हैं। इसलिए हमने भी ग्राहकों को कुछ विशेष देना उचित समझा है। -अमित राज, मिष्ठान विक्रेता
-