अमरोहा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत प्राप्त होने वाले दावे और आपत्तियों की सूचियां अब प्रतिदिन ऑनलाइन अपलोड की जाएंगी। इससे आम लोग मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित आवेदनों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गरिमा सिंह ने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी के आधार पर चल रहे पुनरीक्षण अभियान में फार्म-6, 6ए, 7 और 8 प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक निर्धारित है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर फार्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी की सूचियां संबंधित राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराने के साथ कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा की जा रही हैं। इन्हें प्रतिदिन जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट amroha.nic.in के डीईओ पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। किसी दावे पर आपत्ति होने पर संबंधित एसडीएम या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।