गांव देहरा चक में खेत में मृत मिले तेंदुए की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। तेंदुए की मौत गर्दन की हड्डी टूटने से हुई थी। चिकित्सकों का मानना है कि अन्य तेंदुए के साथ लड़ाई में उसकी गर्दन की हड्डी टूट सकती है।
गांव देहरा चक में सोमवार को सोविंदर के खेत में करीब छह वर्षीय एक नर तेंदुए का शव पड़ा मिला था। उसकी गर्दन पर घाव का निशान था। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक तेंदुए की मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी। मंगलवार को अमरोहा में तीन डॉक्टर के पैनल ने उसका पोस्टमार्टम किया। रेंजर संजय चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए की मौत का कारण गर्दन हड्डी टूटना माना गया है। हो सकता है कि तेंदुआ आपसी संघर्ष में मारा गया हो। वहीं, कई बार शिकार करते समय निशाना चूकने से भी तेंदुए की गर्दन की हड्डी टूटने की आशंका रहती है।