अमरोहा। जिले में सर्किल रेट बढ़ाने का मसौदा तैयार है। प्रशासन व निबंधन विभाग ने सभी तहसील क्षेत्रों में जमीनों के सर्किल रेट की प्रस्तावित दरों की सूची भी चस्पा कर दी है। नई दरों के तहत जिले में जमीन खरीदना अब पहले से कहीं ज्यादा महंगा होने वाला है। हसनपुर तहसील के कायस्थान व होलीवाला और नौगांवा सादात के बुध बाजार में जमीन खरीदने के लिए पहले से ज्यादा रकम चुकानी होगी। इस स्थानों पर अपने-अपने तहसील क्षेत्र में सबसे ज्यादा सर्किल रेट बढ़े है।
जिले में सर्किल बढ़ाने की कवायद चल रही है। पिछले कई महीनों से राजस्व और निबंधन विभाग से जुड़े कर्मचारियों ने सर्वे आधार पर सर्किल रेट की नई दरों का निर्धारण किया था। लगातार हो रहे विकास और सड़कों के चौड़ीकरण को देखते हुए नई दरों की सूची तैयार की गई है। नई प्रस्तावित दरों की सूची को हर सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर चस्पा कर दिया गया है जिन पर आपत्तियां व सुझाव भी मांगे गए हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद नई दरों को लागू कर दिया जाएगा। नई दरों के लागू होने के बाद जिले में जमीन खरीदना महंगा हो जाएगा।
अब 68300 प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से मिलेंगी भूमि
हसनपुर तहसील में आंबेडकर चौक से रहरा रोड, नखासा बाजार तक मोहल्ला कोट पूर्वी व पश्चिमी और कायस्थान व होलीवाला में अकृषक भूमि खरीदने के लिए पहले जहां 54,600 रुपये का स्टांप शुल्क जमा करना होता था। वहीं नई प्रस्तावित दरों के तहत वहां अब 68,300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से खर्च करने होंगे। वाणिज्यिक जमीन की खरीद करने को पहले 87400 रुपये प्रति वर्गमीटर कर से सर्किल रेट जमा करना होता था, अब यहां 1.093 लाख रुपये खर्च करने होंगे।
इंद्रा चौक से महाराजा अग्रसेन चौक तक मोहल्ला होलीवाला में अकृषक जमीन के लिए 43,700 रुपये का सर्किल रेट जमा करना होता था, अब यहां 54,600 रुपये प्रतिवर्ग मीटर के हिसाब से जमा करने होंगे। यहां वाणिज्यिक जमीन की खरीद के लिए पहले जहां 70600 रुपये खर्च करने होते थे, वहीं अब 88300 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से सर्किल रेट जमा कराना होगा। हसनपुर में हाईवे के नजदीक पड़ने वाले जगदेवपुर, भगवानपुर खादर, तिगरिया खादर, शहबाजपुर डोर व सादुल्लापुर में भी कृषि भूमि खरीदना भी अब पहले से कहीं अधिक महंगा हो सकता है।
बुधबाजार में अब 32 हजार प्रति वर्ग मीटर होंगे रेट
नौगांवा सादात में नूरपुर रोड पर बुध बाजार में अकृषक भूमि की खरीद के लिए पहले जहां 25200 रुपये प्रति वर्ग मीटर के अनुसार खर्च करने होते थे, वहीं अब यहां 32 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर के सर्किल रेट का प्रस्ताव रखा गया है। वाणिज्यिक जमीन की खरीद के लिए पहले यहां 40800 रुपये प्रति वर्गमीटर के हिसाब से सर्किल रेट जमा कराना होता था, वहीं नई प्रस्तावित दरों के अनुसार यहां अब 52 हजार रुपये का सर्किल रेट जमा कराना होगा।
अबु तालिब चौक से नहर तक अकृषक भूमि के लिए पहले 28800 रुपये देने होते थे, वहां अब 36 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर तय की गई है। यहां वाणिज्यिक भूमि के लिए पहले 45600 रुपये सर्किल रेट देना होता था, वहीं अब 57 हजार रुपये जमा कराना होगा। नहर के पार बीलना तक अकृषक जमीन के लिए पहले 15600 रुपये देने होते थे, वहां अब 20 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर जमा कराने होंगे। यहां वाणिज्यिक जमीन के लिए 24 हजार के स्थान पर अब 30 हजार रुपये का सर्किल रेट जमा करना होगा।
;;
पिछले साल तीन सितंबर से लागू हुई थी वर्तमान दरें
वर्तमान में चल रहीं सर्किल रेट की दरें पिछले साल तीन सितंबर से लागू की गई थी। इस साल लगातार दूसरी बार सर्किल रेट की दरों को बढ़ाया जा रहा है। अगले माह से नए सर्किल रेट के हिसाब से ही स्टांप शुल्क जमा कराना पड़ सकता है।
;;
आज आपत्ति दाखिल करने का आखिरी दिन
सर्किल रेट की नई प्रस्तावित दरों पर आपत्ति दाखिल करने का सोमवार को आखिरी दिन है। शाम पांच बजे तक सर्किल से संबंधित आपत्ति व सुझाव संबंधित निबंधन कार्यालयों अथवा जिला स्तर पर जमा करा सकते हैं। इसके बाद मंगलवार यानी 30 सितंबर को आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा जिसके बाद नई दरों को प्रभावी किया जा सकता है।
;;
सर्किल रेट की नई प्रस्तावित दरों पर आपत्ति दाखिल करने का सोमवार को आखिरी दिन है। निर्धारित समय के बाद कोई आपत्ति व सुझाव नहीं लिए जाएंगे। कल आपत्तियों का निस्तारण होगा। निर्धारित समय तक कोई भी व्यक्ति अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। - अनूप कुमार सिन्हा, एआईजी स्टांप
;;;;;;;;;;;;-