अमरोहा। डीएम ने बृहस्पतिवार को आजीविका दीदी मार्ट की शुरुआत की। इसमें सभी विकास खंडों के स्वयं सहायता समूह तैयार किए जाएंगे। मार्ट के माध्यम से सभी उत्पादों के क्रय-विक्रय का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में मेंटेन किए जाएंगे। डीएम के निर्देश पर समस्त सामुदायिक शौचालयों में समूह द्वारा तैयार सफाई किट की आपूर्ति करने को कहा गया। इसका भुगतान ग्राम पंचायत द्वारा सीधे समूह के खाते में किया जायेगा।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित समूह के उत्पादों की बिक्री एवं समूहों की आजीविका संवर्धन के लिए आजीविका दीदी मार्ट को मील का पत्थर बताया। साथ ही आजीविका गतिविधि से जुड़कर लखपति बनने के लिए प्रेरित किया। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने समूह द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही सभी न्याय पंचायतों एवं मनरेगा के अंतर्गत निर्मित अन्नपूर्णा भवनों को भी आजीविका मार्ट के रूप में संचालित करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान सफाई किट का वितरण भी सामुदायिक शौचालयों के महिला केयर टेकरों को किया गया। उन्होंने बताया कि आजीविका दीदी मार्ट के माध्यम से उत्पादों जैसे टॉयलेट क्लीनर, फिनायल, वाशिंग पाउडर, झाड़ू, मसाले, जूट के थैले, शहद ,घी, ज्वार, बाजरा, रागी का आटा, आचार, देसी घी, बेडशीट, सूट, जैकेट, शहद, मशरूम आदि की बिक्री की जाएगी।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अमरोहा एवं जोया, डीडीओ सरिता द्विवेदी, परियोजना निदेशक अंबरीश कुमार, डीपीआरओ पारूल सिसोदिया, बीडीओ, एडीओ (ग्राम विकास) तथा जिला मिशन प्रबंधक, ब्लॉक मिशन प्रबंधक तथा समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।