अमरोहा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अब राजकीय पुस्तकालय में किताबों के साथ कॅरिअर और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी मिलेगा। विद्यार्थियों की जरूरत को देखते हुए हर माह कॅरिअर और स्वास्थ्य काउंसिलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान करेंगे।
काउंसिलिंग सत्र में चिकित्सक, जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। चिकित्सक विद्यार्थियों को मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद से बचाव के साथ परीक्षा के दबाव से निपटने के उपाय बताएंगे। मानसिक परेशानी होने पर समय रहते उचित सलाह लेने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।
जिला स्तरीय अधिकारी और विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को कॅरिअर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन की जानकारी देंगे। इससे विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य की दिशा तय कर सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा ने बताया कि नियमित विशेषज्ञ मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ भविष्य की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।