दो साल लिव इन रिलेशन में रहने वाली युवती ने प्रेमी का रिश्ता दूसरी जगह तय होने पर बवाल करा दिया। युवती प्रेमी की होने वाली ससुराल पहुंची और रिश्ता तुड़वा दिया। युवक की सात फरवरी को बरात जानी थी। वहीं, युवक के परिजनों को दुल्हन पक्ष के लोगों को दो लाख रुपये का जुर्माना देना पड़ा।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का रामपुर में एक दोस्त के घर आना जाना था। इस दौरान युवक का दोस्त की बहन से प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों बीते दो साल से लिव इन रिलेशन में थे। कुछ समय बाद युवक ने प्रेमिका के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने शादी का प्रस्ताव ठुकराते हुए प्रेमी को मर्जी से शादी करने की अनुमति दे दी। इसके बाद युवक का रिश्ता बिजनौर जिले के एक गांव निवासी युवती से तय हो गया। युवक की सात फरवरी को बरात जानी थी। युवक ने रिश्ते की जानकारी प्रेमिका को दे दी।
इस पर करीब एक हफ्ते पहले प्रेमिका प्रेमी की होने वाली ससुराल पहुंच गई और अपने व युवक के प्रेम प्रसंग के बारे में बताया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच रिश्ता समाप्त करने पर रजामंदी हो गई। युवक के परिजनों को दुल्हन पक्ष को दो लाख रुपये का जुर्माना देना पड़ा। युवक के चाचा ने बताया कि अब प्रेमी की शादी उसकी प्रेमिका के साथ ही होगी। हालांकि, मामले को लेकर किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।