अमरोहा। इस बार पंचायत चुनाव समय पर होंगे इसके बहुत कम ही आसार दिखाई दे रहे हैं। पहले मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल को होना था लेकिन इसका समय 22 अप्रैल तक कर दिया गया।
अब एक बार फिर मतदाता सूची के प्रकाशन के समय को बढ़ाते हुए 10 जून कर दिया गया है जबकि पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को पूरा हो रहा है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राज प्रताप सिंह ने 17 अप्रैल 2026 को जारी आदेश में कहा है कि अब पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 जून काे किया जाएगा।
वहीं मतदाताओं के डुप्लीकेशन और कंप्यूटरीकरण का कार्य 21 अप्रैल से 28 मई तक किया जाएगा। 29 मई से नौ जून तक मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग, फोटो प्रतियां कराने का कार्य किया जाएगा। आयोग की ओर से जनपद में संभावित एक से अधिक बार अंकित मतदाताओं के नाम की संख्या करीब 105037 है।
इन वोटरों का विभिन्न ग्राम पंचायतों में 31823 बार नाम आया है। आयोग इन वोटरों को संभावित डुप्लीकेट मतदाता मान रह है। अब इनके सत्यापन का कार्य कराया जाएगा। इसके बाद ही 10 जून को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इससे लग रहा है कि पंचायत चुनावों का समय भी आगे बढ़ाया जा सकता है।