हसनपुर। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र सुनील शास्त्री एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्हाेंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि उनका परिवार आज भी लाल बहादुर शास्त्री को आदर्श मानकर चल रहा है।
रविवार की रात नगर के एक मैरिज हॉल में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष तारिक मोहम्मद खान के भाई आमिर अजीज खान के बेटे के दावत-ए-वलीमा में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र सुनील शास्त्री शामिल हुए। यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि उनका परिवार देश के पूर्व प्रधानमंत्री व अपने पिता लाल बहादुर शास्त्री के बताए हुए रास्ते पर चल रहा है। कहा कि कांग्रेस ने हर समाज के लोगों को सम्मान देने का काम किया है। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश को जय जवान जय किसान का नारा दिया था। आज भी जवान और किसान देश को मजबूत करने का काम कर रहे है। इस दौरान देश की आजादी में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अशफाक उल्लाह खां के पौत्र आफाक उल्ला खां, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व बाइस चांसलर रहे व एमएलसी प्रोफेसर तारिक मंसूर, पूर्व मुख्यमंत्री बनारसी दास के बेटे हरेंद्र अग्रवाल, असमोली विधायक पिंकी यादव ने भी शिरकत की। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष तारिक मोहम्मद खान, आमिर अजीज खान, नजम खान, शोएब खान, समीर खान आदि मौजूद रहे।