हवन-पूजन और गंगा की जलधारा में दुग्धाभिषेक के साथ तिगरीधाम गंगा मेले का शुभारंभ हो गया। प्रभारी मंत्री केपी मलिक समेत जिले के जनप्रतिनिधि और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने गंगा किनारे हुए हवन में आहुतियां दीं। गंगा मैया की आरती कर मेले के सकुशल संपन्न होने की कामना की। आरती और मंत्रोचारण से पतित पावनी का तट गूंज उठा।
सोमवार को देवोत्थान एकादशी के अवसर पर कार्तिक पूर्णिमा मेले की विधिवत शुरुआत हो गई। इसके लिए गंगा किनारे खास इंतजाम किए गए। गंगा तट भव्य वेदी बनाई गई। सोमवार शाम करीब पांच बजे पंडित गंगा शरण शर्मा, पंडित दयानंद शर्मा, आचार्य ऋषभ शर्मा सहित 11 ब्राह्मणों ने वेदी को सजाकर हवन कराया। आधे घंटे तक मंत्रोच्चार से भगवान गणेश, गंगा मैया सहित विभिन्न देवी-देवताओं का आह्वान करते रहे। शाम 5:45 बजे प्रभारी मंत्री केपी मलिक वेदी स्थल पर आए।
जिले के जनप्रतिनिधियों और कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह, डीआईजी मुनिराज, डीएम निधि गुप्ता वत्स ने गंगा किनारे हो रहे हवन में आहुतियां प्रदान कीं। इस दौरान गंगा का किनारे मंत्रों के उच्चारण से गूंज उठा। हवन के बाद जनप्रतिनिधियों और पुलिस- प्रशासनिक अधिकारियों ने गंगा का 21 लीटर दूध से अभिषेक किया। गंगा मैया के जल का आचमन कर अपना आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की। दुग्धाभिषेक के बाद गंगा मैया की आरती की गई।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद कंवर सिंह तंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा, हसनपुर विधायक महेंद्र खड़कवंशी, नौगांवा विधायक समरपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी, माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ओम प्रकाश गोला, पूर्व विधायक संगीता चौहान, दानवीर सिंह, दिवाकर सिंह, सुरेंद्र सिंह, अधिकारियों में एडीएम मायाशंकर यादव, एसडीएम चंद्रकांता, डॉ. ब्रजेश सिंह मौजूद रहे।