अमरोहा। देश के विकास का रास्ता गांवों की पगडंडियों से होकर गुजरता है। इसी काे ध्येय बनाते हुए जिले के तीस गांवों को अब शहरों की तर्ज पर विकसित करने का खाका तैयार किया गया है। जिसके लिए कवायद भी शुरू हो गई है। योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं के साथ साथ गांव में ही स्वरोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास भी होगा। हर ब्लाॅक से इसके लिए पांच गांवों का चयन किया गया है। एक पंचायत को मॉडल के रूप में तैयार करने में करीब तीस लाख रुपये का खर्च होंगे। जिसको विभिन्न मदों से खर्च किया जाएगा।
अमरोहा जिले में कुल छह ब्लॉक और 576 ग्राम पंचायतें हैं। शासन के निर्देश पर अब जिले के गांवों की सूरत को बदला जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक से पांच गांवों का चयन मॉडल गांव बनाने के लिए किया गया है। चुने गए गांवों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य किए जाएंगे। अच्छी सड़कें, शुद्ध पेयजल, पथ प्रकाश की व्यवस्था के अलावा कई अन्य बिंदुओं पर काम किया जाएगा। गांवों की दशा सुधारने को चुने गए गांवों में करीब तीस लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। युवाओं एवं ग्रामीणों को कौशल विकास समेत तमाम सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
-
स्कूलों का होगा कायाकल्प, बनेंगे खेल मैदान और जिम
गांवों को मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए कुल 11 बिंदुओं की योजना तैयार की गई है। जिसके तहत स्कूलों का कायाकल्प, आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प, खेलकूद के मैदान और जिम, पुस्तकालय, विद्यालयों में फर्नीचर की सुविधा, नक्षत्रशाला, अमृत सरोवर/ अमृत वाटिका, समूहों को स्वरोजगार हेतु बाजार की सुविधा, शतप्रतिशत पाइप पेयजल, शासकीय योजनाओं से शत प्रतिशत लाभ दिलाना एवं गो संरक्षण पर प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा।
इन गांवों को किया गया चिह्नित
ब्लॉक अमरोहा
मखदूमपुर, देहरा, जमना खास, गजस्थल, शाहिदपुर
ब्लॉक मंडी धनौरा
चुचैला कलां, ढ्योटी, कौराला, कैसरा, फौलादपुर
-
ब्लॉक गजरौला
जलालपुर कलां, फौंदापुर, खाईखेड़ा, मोहम्मदाबाद, अहरोला तेजवन
-
ब्लॉक गंगेश्वरी
रहरा, पतेई खादर, रहरई (दो गांवों का चयन अभी नहीं हुआ)
-
ब्लॉक हसनपुर
करनपुर माफी, खजूरी, तरारा, कूबी, कनेटा
-
ब्लॉक जोया
कालाखेड़ा, बरखेड़ा राजपूत, इकौंदा, कैलसा, डिडौली
जिले के तीस गांवों को मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना तैयार हो रही है। इसको लेकर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक भी कर ली गई है। जल्दी ही गांवों में विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने का काम किया जाएगा। अश्वनी कुमार मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा