मंडी धनौरा(अमरोहा)। घर से काम पर जाने के लिए बाइक पर निकले श्रमिक का शव रामगंगा पोषक नहर के पास पड़ा मिला। मृतक के सिर पर चोटों के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस आ पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। श्रमिक के भाई ने अपनी भाभी और एक अन्य पर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की बात कही है।
बुधवार की सुबह थाना क्षेत्र के गांव मिट्ठनपुर के निकट गुजर रही रामगंगा पोषक नहर में नीचे जाने के लिए बनीं सीढ़ियों के पास सड़क किनारे बाइक और एक युवक का शव पड़ा देख वहां भीड़ लग गई। कुछ ही देर में मृतक की शिनाख्त गांव मिट्ठनपुर निवासी जोगेश (35) पुत्र टोंडी के रूप में हो गई। सूचना मिलने ही रोते-बिलखते परिजन भी वहां आ पहुंचे। इंस्पेक्टर अमर सिंह भी आ गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि जोगेश मंडी धनौरा में किसी के यहां काम करता था। मंगलवार को वह बाइक लेकर काम पर गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। उन्होंने रात भर उसकी रिश्तेदारियों में तलाश भी की थी लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने अपनी भाभी पिंकी और गांव चौहड़पुर बगद थाना बछरायूं निवासी कावेंद्र के खिलाफ उसके भाई की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। परिजनों के मुताबिक कावेेंद्र का जोगेश के घर आना जाना था। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लूट के उद्देश्य से नहीं हुई थी हत्या
मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के गांव मिट्ठनपुर निवासी जोगेश की हत्या लूट के लिए नहीं हुई थी। पुलिस का भी यही मानना है। इसका कारण है कि मृतक की बाइक उसकी लाश के पास ही सुरक्षित पड़ी मिली। पुलिस का कहना है कि यदि हत्या लूट के उद्देश्य से होती तो हत्यारे बाइक अवश्य ले जाते। इसीलिए पुलिस को भी हत्यारा घर का ही कोई सदस्य नजर आ रहा है।
मृतक की पत्नी को कोस रही थीं महिलाएं
मंडी धनौरा। जोगेश के शव के पास बिलख रहीं परिवार की महिलाएं उसकी पत्नी पिंकी को ही उसकी मौत का दोषी बताते हुए लगातार कोसे जा रही थीं। उनका कहना था कि पिंकी ने ही उनका परिवार बर्बाद कर दिया और अपने पति जोगेश की जान ले ली। वहीं मृतक के भाई ने भी सीधे तौर पर अपनी भाभी को ही अपने भाई की हत्या का जिम्मेदार ठहराया।