हसनपुर (अमरोहा)। मारपीट के आरोपी की हालत हवालात में खराब हो गई। पुलिस ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया है। चौधरपुर के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार कराया जा रहा है। जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
सोमवार को नगर के पुरानी रंजिश में मोहल्ला कुरैशियान में दो पक्षों में विवाद हो गया था। मारपीट हुई थी। सिर में सरिया लगने से अजहर निवासी मोहल्ला कुरैशियान घायल हो गया था। घायल को परिजन थाने लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया था। इसके बाद पुलिस ने घायल के चाचा नाजिम की तहरीर पर मोहल्ला कुरैशियान निवासी वसीम, मोहसिन, जावेद और फराहीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने शाम के समय आरोपी वसीम को पकड़ा था। हवालात में अचानक वसीम की तबीयत खराब हो गई। पुलिस ने उसे नगर के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उसकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ तो हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका नेशनल हाईवे पर स्थित चौधरपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक उसकी गर्मी में ब्लडप्रेशर बढ़ने की वजह से परेशानी हुई। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर का कहना है मारपीट के मामले में आरोपी वसीम को कोतवाली लाया गया था। उस पर आईपीसी की धारा 308 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ जाने से उसे कुछ परेशानी हुई तो आरोपी की परिजनों द्वारा ही निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। अब उपचार के लिए से दूसरे अस्पताल ले जाया गया है। आरोप की हालत में सुधार बताया जा रहा है।