मंडी धनौरा। सहकारी गन्ना विकास समिति आगामी वित्तीय वर्ष में अपने सदस्यों को साढ़े सात करोड़ रुपये का ऋण वितरित करेगी। इस संबंध में सोमवार को हुई बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। समिति ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बजट भी तैयार कर लिया है। बजट को समिति की सामान्य वार्षिक सभा में मंजूरी प्रदान की जाएगी।
गन्ना समिति की बैठक सोमवार को कार्यालय में आयोजित की गई। प्रभारी सचिव मुकेश राठी ने बैठक में संचालकों को अवगत कराया कि आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बजट तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बजट के बारे में बताया कि बजट की कुल धनराशि 6.72 करोड़ रुपये है। इनमें 15 लाख रुपये की धनराशि फार्म मशीनरी बैंक पर खर्च किए जाने का प्रावधान है। पांच लाख रुपये की धनराशि कीटनाशक दवाओं व पांच लाख रुपये की धनराशि से खाद वितरित किया जाएगा। दो लाख रुपये कृषि उपकरण पर खर्च किए जाएंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि वेव इंडस्ट्रीज की ओर से किसानों को 14 दिन के भीतर भुगतान किए जाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। सचिन ने जानकारी दी कि वेव इंडस्ट्रीज से समिति का अंशदान के रूप में एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि मिल चुकी है। बैठक में सदस्यों को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर सभापति बिजेंद्र सिंह, जयपाल सिंह, चंचल सिंह, तेजपाल सिंह आदि मौजूद थे।