नगर पंचायत में सफाई कर्मचारियों के धरने को लेकर एसडीएम सदर अनिल कुमार उनसे मिले और समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया मगर सफाईकर्मी माने नहीं। वहीं जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से लोगों को भारी परेशानी हुई। वे ईओ को हटाने व कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी अपनी समस्याओं को लेकर कार्य बहिष्कार धरने पर बैठे हैं। जिससे जगह-जगह कस्बे में गंदगी के ढेर लग गए हैं। बुधवार को एसडीएम सदर अनिल कुमार जोया नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां धरने दे रहे सफाई कर्मचारियों से वार्ता की। सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ईओ उनसे अभद्र व्यवहार करती हैं। जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल करती हैं। उन्हें तीन माह से वेतन नही मिला है। जब वे वेतन दिलाने की बात करते हैं तो उनसे अभद्रता करती हैं। इसी को लेकर वे सोमवार को डीएम, एसपी को ज्ञापन देकर ईओ को हटाने व उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार से कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे हैं। एसडीएम ने सफाई कर्मचारियों की सभी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया मगर सफाई कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान महेंद्र, महेश, कमल सिंह, राजाराम, विपुल, रवि, अमर, दलजीत, अजय पोल, सुरेश, दयाराम, देशराज आदि मौजूद रहे।