अमरोहा। जिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान व सदस्य संगीता जैन ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने बेटियों के जन्मोत्सव की शुरुआत का श्रेय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को देते हुए कहा कि बेटियों के जन्म पर अब खुशियां मनाई जा रही हैं। इसके बाद उन्होंने जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण भी किया।
मंगलवार को आयोजित कन्या जन्मोत्सव को संबोधित करते हुए अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि पहले लोग बेटियों को सम्मान नहीं देते थे लेकिन अब मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रमों के तहत गर्भ से लेकर शिक्षा, विवाह और नौकरी तक बेटियों की पूरी सुरक्षा और सशक्तिकरण की व्यवस्था सरकार कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद हुए कहा कि वृद्धावस्था पेंशन से लेकर नौकरी के पाने तक हर क्षेत्र में महिलाओं को मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब आधी आबादी मुख्य धारा से जुड़ेगी, तो देश आगे बढ़ेगा। कहा कि बेटी को अच्छे संस्कार और शिक्षा दें।
इसके अलावा शहर के राजकीय बालिका इंटर कालेज में शक्ति संवाद का कार्यक्रम आयोजित हुआ। उन्होंने बालिकाओं से संवाद करते हुए उनसे हेल्पलाइन नंबर, महिलाओं और बालिकाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं और उनसे लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। डॉ. चौहान ने सभी बालिकाओं से जागरूकता और सकारात्मक सोच रखने की अपील की। उन्होंने सभी बालिकाओं से दृढ़ संकल्पित होकर लगन से पढ़ाई करने की बात कही। इस दौरान सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. सत्यपाल सिंह, डीडीओ सरिता द्विवेदी, सीएमएस डॉ. एके भंडारी, डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।