डिडौली। जोया से नीलीखेड़ी जा रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। टक्कर लगने के बाद अनियंत्रित कार खड़े खंभे से टकराकर फिल्मी स्टाइल में हाईवे की दूसरी लेन पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार बेटे एहतेशाम (17) की मौत हो गई। जबकि उसके पिता तसाबुल हसन गंभीर रूप से घायल हो गए।
उनकी अस्पताल में हालत नाजुक बनी हुई है। कार के पलटते ही हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है।
सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मूलरूप से नीली खेड़ी गांव के रहने वाले तसाबुल हसन जोया के मोहल्ला पधानों वाले में अपने भाई पूर्व प्रधान मासूदुल हसन के पास मकान बनाकर रहते थे। तसाबुल हसन के परिवार में पत्नी शमा परवीन के अलावा चार बेटियां और एक बेटा एहतेशाम है। परिवार का इकलौता बेटा एहतेशाम कक्षा नौ पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक सोमवार की सुबह तसाबुल हसन एहतेशाम को लेकर नीलीखेड़ी गांव जा रहे थे। तसाबुल हसन बाइक चला रहे थे, जबकि एहतेशाम शाम पीछे बैठा था। जैसे ही उनकी बाइक डिडौली में केनरा बैंक के सामने पहुंची तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बाइक सवार पिता-पुत्र उछलकर दूर जा गिरे। जबकि कार डिवाइडर पर खड़े बिजली के खंभे से टकराकर मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर जाकर पलट गई।
फिल्मी अंदाज में पलटी कार को देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार में चार युवक सवार थे, जो पलटी हुई कार से निकलकर भाग गए। मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जा रहे वाहनों के पहिए थम गए। थोड़ी देर में लंबा जाम लग गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने एहतेशाम को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल पिता तसाबुल हसन को रेफर कर दिया है। पुलिस ने हाईवे से कार को हटाकर यातायात शुरू कराया। वहीं, क्षतिग्रस्त कार और बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक एहतेशाम का फाइल फोटो
मृतक एहतेशाम का फाइल फोटो