बुधवार की दोपहर घर से शौच के लिए निकले कक्षा सात के छात्र रितिक (12) की हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह रितिक का शव गांव से करीब पचास मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी ऋषिपाल सिंह दिल्ली में बच्चों का झूला (पालना) बनाने के कारीगर हैं। उनकी पत्नी बती देवी तीन बेटों और एक बेटी के साथ गांव में रहती हैं। तीसरे नंबर का बेटा रितिक पड़ोस के गांव गजस्थल स्थित स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। दिवाली पर ऋषिपाल सिंह भी घर आए थे। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे रितिक घर से शौच के लिए बाहर निकला और लापता हो गया। परिजन तलाशते रहे लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लगा।
बृहस्पतिवार की सुबह रितिक का शव गांव से करीब पचास मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला। उसकी हत्या करके शव फेंका गया था। एएसपी राजीव कुमार सिंह, सीओ सिटी विजय कुमार राणा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से बातचीत और आसपास के इलाके की जांच के बाद भी पुलिस हत्या का कारण स्पष्ट नहीं कर सकी।
दूसरी ओर वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के रास्ते पर बैठकर हंगामा किया। पुलिस के जल्द कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
बालक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम में हत्या का कारण स्पष्ट न होने से विसरा प्रिजर्व किया गया है।
विजय कुमार राणा, सीओ, सिटी