हसनपुर। ससुराल में अए युवक का शव फंदे से लटका मिला। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
बताते हैं कि आदमपुर थाना क्षेत्र के सिकंदराबाद गांव निवासी तीस वर्षीय सुभाष 25 सितंबर को अपनी ससुराल गंगाचोली आया था। बुधवार की शाम उसका शव गांव से कुछ दूर स्थित गंगा बांध के नजदीक नीम के पेड़ पर दुपट्टे से लटका हुआ मिला। वह कुछ समय पहले ही ससुराल के घर से बाहर घूमने के लिए निकला था। वहां से गुजर रहे लोगों ने पेड़ पर लटका मिला शव देखा तो होश उड़ गए।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर ससुराल वाले भी पहुंच गए। उसे नीचे उतारा गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक ने अपने पीछे दो बेटी व एक बेटा छोड़ा है। पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी ने बताया कि फिलहाल मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। फिर भी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।