मोहल्ला कायस्थान निवासी प्रशांत जोशी (21) का शव मंगलवार सुबह करीब छह बजे दीपपुर जाने वाली रोड पर एक लकड़ी के टाल के पास फंदे से लटका मिला। उसके पैर जमीन पर टिके थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। साथ ही पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हसनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी प्रशांत जोशी मोहल्ले में ही परचून की दुकान करता था। सोमवार शाम वह दुकान बंद कर मोहल्ले में ही शादी समारोह में शामिल होने गया था। प्रशांत के पिता तारा जोशी ने बताया कि सोमवार रात करीब तीन बजे तक वह शादी समारोह में देखा गया था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। जबकि, मंगलवार सुबह उसका शव घर से करीब 200 मीटर की दूर स्थित एक लकड़ी की टाल पर फंदे से लटका मिला। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बेटे को फंदे पर लटका देख पिता के बदहवास हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह उनको संभाला। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।