नौगांवा सादात। रामगंगा पोषक नहर में नहाते समय डूबे कारपेंटर मोहम्मद साहिल (22) का शव 11वें में दिन सिकरिया गांव के पुल के नीचे फंसा हुआ मिल गया। मौके पर पहुंची पुलिस में जांच पड़ताल की। परिजनों ने हाथ में पहने कड़े से शव की पहचान साहिल के रूप में की। फिलहाल, पुलिस में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला अफगानान में समसुल का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा साहिल कारपेंटर का काम करता था। 20 जून को साहिल अपने चार दोस्त शाने आलम, सऊद, शोएब और शबाब के साथ नौगांवा सादात की रामगंगा पोषक नहर में नहाने गया था। पांचों दोस्तों ने पहले सिकरिया के पुल के पास खड़े होकर फोटो व वीडियोग्राफी की। बाद में नहाने के लिए नहर में चले गए। नहाते समय साहिल गहरे पानी में चला गया और बह गया। दोस्तों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही नौगांवा सादात पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए थे।
कई दिन तक एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर साहिल को तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था। पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम चार बजे सिकरिया के पुल के नीचे स्थानीय लोगों ने शव को फंसे हुए देखा। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। शव पूरी तरह गल चुका था। उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। जानकारी पर मोहम्मद साहिल के परिजन की मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हाथ के कड़े के आधार पर मृतक की पहचान साहिल के रूप में की है।