अमरोहा। महिला अधिकारी से छेड़खानी और विरोध करने पर उनके साथी अधिकारी के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कल्याणपुर के रहने वाले चंद्रभान, आदेश और मनोज कुमार ने आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। हवालात में पहुंचते ही तीनों आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
एक विभाग में तैनात महिला अधिकारी बीते मंगलवार की दोपहर चार बजे अपने साथी अधिकारी के साथ बाइक पर सवार होकर कलक्ट्रेट जा रही थी। तभी कार सवार पांच युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। बाइक आगे चल रही थी, जबकि कार पीछे थी। आरोपी युवक लगातार हॉर्न बजाते रहे। जैसे ही उनकी बाइक आयकर विभाग के दफ्तर के पास पहुंची। तभी, कार में सवार युवक महिला अधिकारी की तरफ अश्लील इशारे करने लगे। बाद में महिला अधिकारी ने अपने साथी अधिकारी के साथ आरोपियों की कार का पीछा कल्याणपुरा गांव तक किया और डायल 112 पुलिस को फोन करके सहायता मांगी।
कल्याणपुरा गांव में पहुंचने के बाद आरोपियों ने कार को रोक लिया और उसके पास खड़े हो गए। इस दौरान महिला अधिकारी ने तीन आरोपियों की फोटो अपने मोबाइल में खींच ली। जिसके बाद आरोपी गाली-गलौज करने लगे और बदसलूकी की। विरोध करने पर साथी अधिकारी के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं मौके पर खड़े लोग भी आरोपियों के साथ शामिल हो गए और दोनों को घेर लिया। इस दौरान महिला अधिकारी ने आरोपियों की वीडियो बनाने की कोशिश की तो उन्होंने मोबाइल छीन कर दूर फेंक दिया था। जिस महिला अधिकारी का मोबाइल टूट गया। प्रकरण को गंभीरता से लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई।
सीओ अभिषेक कुमार बताया कि महिला अधिकारी के साथ छेड़खानी करने वाले तीन आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। थाने की हवालात में पहुंचते ही तीनों आरोपी माफी मांगने लगे। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।