टीकाकरण के बावजूद जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप जारी है। सोमवार को पांच वर्षीय मासूम और 85 वर्षीय बुजुर्ग समेत दस लोग इस वायरस की चपेट में आए। कोरोना संक्रमितों में चार किशोर भी शामिल हैं। जिले में एक्टिव केसों की संख्या 36 पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ने लगी है।
सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने बताया कि सोमवार को आरटीपीसीआर जांच में दस लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें जोया ब्लाक क्षेत्र के तीन, अमरोहा के दो, गजरौला के एक, धनौरा के दो, रहरा का एक और हसनपुर का एक मरीज है। कोरोना पॉजिटिव केसों में 5 व 10 साल के दो बच्चों के हसनपुर के रहने वाले 85 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। साथ ही 12 से 17 साल के चार किशोर भी वायरस की चपेट में आए हैं। फिलहाल सभी को होम आइसोलेट कर डॉक्टरों की देखरेख में उपचार कराया जा रहा है। किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है।
सोमवार को जिले के सरकारी अस्पतालों में 684 मरीजों की जांच कराई गई। इसमें 253 की एंटीजन जांच हुई, जबकि 431 के आरटीपीसीआर नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। सोमवार को जिले मेें सक्रिय केसों की संख्या 36 हो गई। संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में 32 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।