पितृ अमावस्या पर तिगरी धाम में स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा टेंपो पहिया निकलने के चलते हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डिडौली क्षेत्र के गांव जग्गा नगला निवासी सुशीला (27) की मौत हो गई। जबकि, उनके पति, बेटा समेत छह श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, चालक टेंपो छोड़कर मौके से भाग गया।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जग्गा नगला गांव निवासी मोहित बुधवार को पितृ अमावस्या पर पत्नी सुशीला और आठ वर्षीय बेटे मनु के साथ तिगरी धाम में नहाने के लिए निकले थे। तीनों टेंपो में सवार होकर जा रहे थे, जैसे ही टेंपो रजबपुर क्षेत्र में हाईवे बाईपास पर पहुंचा, तभी अचानक टेंपो का पहिया निकल गया। इसके बाद टेंपो अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। टेंपो में छह से ज्यादा यात्री बैठे थे। टेंपो के पलटते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई।
कुछ ही देर में लोगों भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने टेंपो को सीधा कर श्रद्धालुओं को निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को गजरौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टर ने सुशीला को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। मुरादाबाद में इलाज के दौरान सुशीला की मौत हो गई। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में ले लिया है। देर रात तक परिजनों की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।