अमरोहा। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को भले ही तापमान 47 से गिरकर 45 डिग्री पर पहुंच गया हो, लेकिन भीषण गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। सुबह से ही बदन झुलसाने वाली धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किए रखा। दोपहर में तो हाल और भी बुरा रहा। जिससे लोग बेहाल नजर आ रहे हैं।
प्रचंड गर्मी और तेज रफ्तार से लू चलने का दौर जारी है। सुबह से लेकर शाम और फिर रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पिछले एक सप्ताह से तो हालात बेकाबू हो रहे हैं। हर दिन लोगों को बदल झुलसाने वाली धूप और ले के थपेड़ों से जूझना पड़ रहा है। आलम यह है कि दोपहर में घरों से निकलना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। शाम को उमस बढ़ने से घरों में भी बेचैनी बढ़ रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 47 पहुंचने के साथ गर्मी चरम पर पहुंच गई थी। हालांकि, मंगलवार को तापमान दो डिग्री गिरा, लेकिन गर्मी का प्रचंड रूप जारी रहा। सुबह से ही तीखी धूप और तेज गर्म हवाएं चलती रहीं। गर्मी के आगे जन मानस बेबस हो रहा है। प्रचंड गर्मी में लोग बेबस हैं और बारिश होने की आस लगा रहे हैं।
जिला कृषि अधिकारी बबलू कुमार का कहना है कि बुधवार को भी तापमान 45 के आसपास रहेगा। बृहस्पतिवार को हल्की बारिश की संभावना है। जिससे तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। अभी मानसून के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
पिछले एक सप्ताह का तापमान
तारीख तापमान
18 जून 45 डिग्री
17 जून 47 डिग्री
16 जून 44 डिग्री
15 जून 43 डिग्री
14 जून 45 डिग्री
13 जून 46 डिग्री
12 जून 44 डिग्री
-