हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव कालाखेड़ा में किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों का कहना है कि किशोरी ने मां की डांट से क्षुब्ध होकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कालाखेड़ा में सत्तार चौधरी का परिवार रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि उसकी पंद्रह वर्षीय बेटी समा को उसकी मां ने गुरुवार सुबह किसी बात पर डांट दिया था। इससे नाराज होकर किशोरी अपने आम के बाग में चली गई। काफी देर बाद उसकी तलाश की तो आम के पेड़ से उसका शव लटका मिला। माना जा रहा है कि नाराज किशोरी ने आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि किशोरी ने आत्महत्या की है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।