रहरा(अमरोहा)। कद बढ़ाने के प्रयास में कसरत करते समय पंद्रह वर्षीय किशोर विकास की पेड़ से गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। रहरा थाना क्षेत्र रहरई गांव निवासी किसान रणवीर सिंह का पंद्रह वर्षीय बेटा विकास शंभू इंटर कॉलेज आदमपुर में 11वीं का छात्र था। पिता के अनुसार उसका कद कम था। इसलिए कद बढ़ाने के प्रयास में वह कसरत करता था। शनिवार की शाम को पेड़ पर लटककर कसरत कर रहा था। इस दौरान अचानक वह पेड़ से नीचे गिर गया। कुछ समय बाद खेतों पर आसपास कार्य कर रहे लोगों ने बेहोशी की हालत में किशोर को पड़े देखा।
आनन-फानन में निजी चिकित्सक को दिखाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है।