सैदनगली(अमरोहा)। दहेज के लिए पति ने शादी के तीसरे दिन ही विवाहिता को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। दहेज में दस लाख रुपये और कार की डिमांड की। पीड़ित ने एसपी को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सहित चार लोगों पर तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सैदनगली निवासी मोहम्मद इस्माइल की बेटी नरगिस जहां की शादी 4 जून 2020 को मुरादाबाद के मोहल्ला कायस्थान तौफीक आलम के साथ हुई थी। पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज दिया था। लेकिन ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। शादी के दिन से ही दहेज में दस लाख रुपये और एक कार की डिमांड की। दो दिन बाद पति ने विवाहिता को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। तभी से विवाहिता अपने पिता के घर है। पीड़िता नरगिस ने एसपी विपिन ताडा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पति तौफीक आलम, सास सब्दरी, जेठानी शहनाज और ननद यासमीन निवासी मोहल्ला कायस्थान थाना कुंदरकी जिला मुरादाबाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा ने बताया एसपी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।