हसनपुर(अमरोहा)। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी को तीन तलाक दे दिया। मारपीट भी की गई। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर पति समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव गंगवार निवासी रियाजुद्दीन की बेटी शबाना की शादी बुलंदशहर के आहार निवासी गुलाम नवी के साथ हुई थी। शबाना ने पुलिस को बताया कि पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार उपहार स्वरूप शादी में सामान दिया था। जिससे ससुराल वाले खुश नहीं थे। शुरू से ही दहेज को लेकर मानसिक शोषण शुरू कर दिया गया। दहेज में बाइक व तीन लाख रुपये की मांग की गई। इस दौरान दो बच्चों को भी जन्म दिया। लेकिन ससुराल वालों की मानसिकता नहीं बदली और दहेज की मांग पूरी करने पर अड़ गए। इसी के चलते दो जुलाई को बुरी तरह मारपीट कर बेटे के साथ घर से निकाल दिया। तभी मायके में रह रही थी। 13 जुलाई को पति अन्य ससुराल वालों के साथ मायके आया। यहां मारपीट की और तलाक-तलाक-तलाक कहकर चला गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर केे आधार पर पति गुलाम नवी, लताफत, शाहजहां, जराफत, नजाकत, हसीबा, फात्मा निवासी आहार बुलंदशहर और आरिफ निवासी कछीना मोदीनगर, गाजियाबाद, भूरे निवासी रझेड़ी हापुड़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।