नौगांवा सादात। दहेज के लिए ससुरालवालों ने विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मारपीट कर घर से निकाल दिया। मायके में रह रही विवाहिता को पति ने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ तीन तलाक की एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के पंजू सराय निवासी चांदनी की शादी 17 अप्रैल 2012 में गाजियाबाद में मुरादनगर के कलछीना गांव निवासी अकरम के साथ हुई थी। आरोप के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर उत्पीड़न किया। मारपीट कर घर से निकाल दिया। तभी से वह मायके में रह रही है। उसका पति पंजू सराय में घर आया और तीन तलाक दे दिया। विवाहिता ने नौगांवा सादात थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।