अमरोहा। बीएड के फर्जी अंक पत्र के आधार पर नौकरी पाने वाली सहायक अध्यापक शोभा मिश्रा को बर्खास्त कर दिया गया है। वह गजरौला ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल बिजौरा में सहायक अध्यापक के तौर पर तैनात थीं। हालांकि एक साल पहले उसे निलंबित कर दिया गया था। वह एटा की रहने वाली है। वर्ष 2006 में बुलंदशहर में नौकरी हासिल की थी। जिले में वर्ष 2012 में स्थानांतरण के बाद बिजौरा प्राथमिक स्कूल में ज्वाइन किया था।
बीएसए चंद्रशेखर ने बताया कि शासन के निर्देश पर एसआईटी जांच में सहायक अध्यापक शोभा मिश्रा का बीएड का अंक पत्र फर्जी मिला था। रिपोर्ट मिलने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया, लेकिन इस बीच उसने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी थी। इसके चलते सेवा समाप्ति की कार्रवाई रुक गई। उसने हाईकोर्ट से स्थगन आदेश हासिल कर लिया था। उन्होंने बताया कि अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से उसने बीएड का फर्जी अंक पत्र संलग्न किया था। जांच के दौरान अंक पत्र फर्जी मिला। वह एटा की रहने वाली है। उसने बुलंदशहर में वर्ष 2006 में नौकरी ज्वाइन की थी। इसके बाद वह छह साल तक बुलंदशहर में कार्यरत रहीं। इसके बाद उसने 2012 में स्थानांतरण कराया। उस वक्त से वह गजरौला के बिजौरा प्राथमिक स्कूल में कार्यरत थीं।