फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: 12 केंद्रों पर होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, 30 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

Tue, 23 Jun 2026 01:58 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। यूपी टीईटी को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दो जुलाई से चार जुलाई तक जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में करीब 30 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, बायोमैट्रिक सत्यापन, स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ भारी पुलिस बल भी लगाया जाएगा। परीक्षा के दौरान जाम लगने संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को भी विशेष प्राथमिकता दी है। तीन दिनों तक शहर में रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा जिससे परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों की आवाजाही सुगम बनी रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। एएसपी अखिलेश भदोरिया ने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमैट्रिक जांच, स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
विज्ञापन


प्रशासन ने परीक्षा के लिए 12 शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया है। इनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, एकेके इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज ब्लॉक-ए एवं ब्लॉक-बी, भगवत शरण इंटर कॉलेज जोया, शिव इंटर कॉलेज गजरौला, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज गजरौला तथा सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर शामिल हैं। इन केंद्रों पर तीन दिनों तक प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। परीक्षा कक्षों से लेकर प्रवेश द्वार तक प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बायोमैट्रिक सत्यापन और गहन तलाशी प्रक्रिया से गुजरना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विज्ञापन


परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसके अलावा पूरे जिले को 12 सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर के लिए एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारी प्रश्नपत्रों को कोषागार स्थित स्ट्रांग रूम से कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की होगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य गोपनीय सामग्री को भी सुरक्षित रूप से वापस जमा कराया जाएगा।
स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखे जाएंगे प्रश्नपत्र
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए उन्हें कोषागार स्थित डबल लॉक स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। प्रशासन ने प्रश्नपत्रों के परिवहन और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में की जाएगी।

जिले के बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां परीक्षा केंद्रों की जानकारी, मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को दर्शाने वाले होर्डिंग और दिशा संकेतक शहर के प्रमुख चौराहों पर लगाए जाएंगे, जिससे अभ्यर्थियों को अपने केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था
अभ्यर्थियों के वाहनों की पार्किंग के लिए भी प्रशासन ने अलग व्यवस्था की है। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, ओवरब्रिज के नीचे का क्षेत्र, माल गोदाम परिसर तथा जेएस हिंदू इंटर कॉलेज का मैदान पार्किंग स्थल के रूप में चिन्हित किए गए हैं। इससे परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात का दबाव कम रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें