बीए की छात्रा की लाश गांव में ही प्रेमी के घर फंदे पर झूलती मिली। छात्रा ने मरते वक्त प्रेमी की शर्ट पहनी हुई थी। प्रेमी के घर छात्रा की फंदे से लटकी लाश की खबर पल भर में ही गांव में फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने छात्रा की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने परिजनों को समझाया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सैदनगली थाना क्षेत्र के दमगढ़ी कलां गांव निवासी रामसरन सैनी की 20 वर्षीय बेटी गीता सैदनगली के एक डिग्री कालेज में बीए में पढ़ती थी। बताते हैं कि गांव के ही युवक सुनील से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम प्रसंग की चर्चा गांव में आम हो गई थी। परिजनों ने दोनों के मिलने जुलने पर पाबंदी लगा दी। उधर, दोनों के परिवार में आए दिन विवाद रहता था। सुनील को परिजनों ने पढ़ने के लिए गजरौला थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी में भेज दिया। जुदा होने के बाद भी प्रेमी युगल एक दूसरे को नहीं भूला।
शुक्रवार को छात्रा गीता के परिजन कहीं गए हुए थे। मौका पाकर छात्रा प्रेमी सुनील के घर पहुंच गई। बाद में उसका शव प्रेमी के घर फंदे पर लटका पाया गया। घटना की जानकारी पर पूरा गांव इकट्ठा हो गया। छात्रा के परिजन भी पहुंच गए। सुनील के परिजनों पर छात्रा की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। परिजनों ने कहा कि आरोपियों ने हत्या कर आत्महत्या का स्वरूप देने के लिए छात्रा को फंदे पर लटका दिया है। सूचना पर थाना पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने सुनील के परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है।