गजरौला(अमरोहा)। साल के पहले सूर्यग्रहण के अद्भुत नजारे के लोग साक्षी बने। लोगों में इसे लेकर उत्साह रहा। इस दौरान जहां मंदिरों के कपाट बंद रहे। वहीं सुबह ब्रजघाट और तिगरी में भी इक्का-दुक्का लोग ही स्नान करने पहुंचे। ग्रहण के दौरान स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं को पुलिस ने रोक दिया। हालांकि ग्रहण का समय समाप्त होने के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बगैर रोकटोक गंगा में डुबकी लगाई।
रविवार की वर्ष 2020 का पहला सूर्यग्रहण था। सवेरे से ही मंदिरों के कपाट बंद रहे। ग्रहण को मानने वाले अधिकांश लोग घरों से बाहर नहीं निकले। वहीं दोपहर तक सूर्य पर ग्रहण की छाया का असर साफ देखने को मिला। सुबह सवेरे ग्रहण से पूर्व स्नान करने तिगरी जा रहे श्रद्धालुओं को पुलिस ने कुमराला चौकी के पास रोक दिया। इतना ही नहीं चोरी-छिपे तिगरी में स्नान करने पहुंचे लोगों को पुलिस ने वहां से खदेड़ दिया। वहीं ब्रजघाट में भी अस्थियां विसर्जन अथवा अंत्येष्टि में शामिल होने आए लोग ही स्नान करते नजर आए। वहीं सूर्यग्रहण का समय समाप्त होते ही दोनों स्थानों पर घाट गुलजार हो गए। ब्रजघाट में गंगा आरती मंदिर के पुजारी मनोज तिवारी ने बताया कि दिल्ली में सूर्यग्रहण की समाप्ति का समय अपरान्ह एक बजकर 48 मिनट का था। समय खत्म होते ही ब्रजघाट में श्रद्धालुओं ने बेरोकटोक स्नान किया। वहीं तिगरी में पंडित गंगासरन शर्मा ने बताया कि अपरान्ह दो बजकर पांच मिनट पर ग्रहण खत्म होते ही तिगरी में मेला सा लग गया। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई।