जोया(अमरोहा)। जंगल में घास लेने जंगल गई किशोरी का शव आम के बाग में पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। पुलिस आत्महत्या मान रही है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के सैंथली गांव में स्व. रामवीर सिंह का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी और पांच बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक सोमवार को गांव के दो युवकों की बरात गई थीं। उनके दोनों बेटे बरात में गए हुए थे। जबकि उनकी पत्नी शादी वाले घर गई हुई थी। शाम के समय तीसरे नंबर की बेटी बबीता (16) घास काटने जंगल गई थी। रात तक वह वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश कर शुरू कर दी। परिजनों ने आधी रात को डिडौली कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी।
मंगलवार सुबह ग्रामीण खेतों पर निकले तो बबीता का शव आम के बाग में शीशम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। बबीता का शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जमा हो गई। खबर मिलते ही रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल के बाद शव को फंदे से उतारा। बाद में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर शरद मलिक ने बताया कि बबीता ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मामले में परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।